भारतीय जनता पार्टी ने आज करनाल के घरौंडा कस्बे से प्रदेश में लोकसभा चुनाव का शंखनाद करते हुए एक बड़ी रैली आयोजित की। इस रैली में करनाल लोकसभा क्षेत्र के लोगों ने हिस्सा लिया। रैली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को आना था लेकिन किसी कारणवश वह नहीं आ पाए। यहां पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पूर्व मुख्यमंत्री एवं करनाल लोकसभा क्षेत्र से उम्मीदवार मनोहर लाल सहित प्रदेश के सांसद, कैबिनेट मंत्री व अन्य वरिष्ठ नेताओं ने जनसभा को संबोधित किया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि जो मेरी उंगली पकड़कर राजनीति में लेकर आए अब उनके मार्गदर्शन में मैं प्रदेश की जनता की सेवा करूंगा। मुझे ऐसा बनाने वाले संत समान मनोहर लाल आज यहां मौजूद है। मैं हाथ जोड़कर आपसे प्रार्थना करता हूं कि जैसे आपने संजय भाटिया को भारी मतों से जितवाया उससे अधिक वोट से मनोहर लाल को जिताएंगे। नायब सैनी ने कहा कि मनोहर लाल के नेतृत्व में ऐसी योजनाएं बनी है जिनका असर साफ नजर आ रहा है। विपक्ष पर निशाना साधते हुए सैनी ने कहा कि पहले के लोग केवल अपने परिवार के लिए काम करते थे। मैं विश्वास दिलाता हूं कि मुझे जो जिम्मेदारी मिली है उसे 100% पूरा करूँगा। मनोहरलाल ने बहुत अच्छी योजनाएं चलाई है, इन्हें आगे भी जारी रखा जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले गरीबी हटाने के नारे दिए जाते थे लेकिन गरीबी नहीं हटी। परंतु वर्तमान केंद्र सरकार ने सवा सौ करोड लोगों को अपनी विभिन्न योजनाओं से जोड़कर उनका जीवन स्तर ऊपर उठाया है। अब युवाओं के मां-बाप को नौकरी के लिए किसी के दरवाजे पर चक्कर काटना नहीं पड़ता। हरियाणा में बिना खर्ची पर्ची के रोजगार दिया जा रहा है। हम मनोहर लाल के मार्गदर्शन में प्रदेश को फिर से आगे बढ़ने का काम करेंगे। नायब सैनी ने कहा की इस आम चुनाव में हम लोग प्रदेश की 10 की 10 सीटें जीतेंगे और केंद्र में एक बार फिर नरेंद्र मोदी की सरकार बनाकर उन्हें प्रधानमंत्री बनाएंगे।
लोगों को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि नायब सिंह सैनी एक साधारण परिवार से हैं और काफी वर्षों से इनका पूरा परिवार पार्टी की सेवा में लगा हुआ है। मोहनलाल ने नायब सैनी को बधाई देते हुए कहा कि कई पदों पर रहते हुए अब उन्हें प्रदेश की सेवा करने का मौका मिला है। मेने साढ़े नौ साल हरियाणा प्रदेश की सेवा की है। इससे पहले भी मैं 40 साल जनता के बीच रहा हूँ और मुख्यमंत्री रहते मैंने कई कार्यक्रम चलाये और प्रयोग किए हैं। हमने हरियाणा की जनता का जीवन बदला है। ढाई करोड़ से अधिक लोगों को विभिन्न योजनाओं का हमने लाभ दिया है। हमने हरियाणा को आज उसे लेवल पर खड़ा किया है जहां दूसरे प्रदेश हमारी नकल करते हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि करनाल को सीएम सिटी बनाए रखने के लिए मैंने नायब सैनी के लिए विधायक पद से त्यागपत्र दिया। ऐसा करके मेने अपने ऊपर करनाल की जनता का जो ऋण है उसे उतारने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि मैंने बेशक मुख्यमंत्री और विधायक पद से त्यागपत्र दे दिया है लेकिन मैं कभी एक दिन खाली नहीं बैठा। उन्होंने कहा कि मैं अपने प्रधानमंत्री और संसदीय बोर्ड का आभारी हूं जिन्होंने मुझे करनाल लोकसभा से उम्मीदवार बनाया।
मनोहर लाल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता किसी भी परिस्थिति के लिए हमेशा तैयार रहता है। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा की अगर मेरी किसी बात से किसी को कोई तकलीफ हुई है तो मैं मन से माफी मांगता हूं। मैं आने वाले समय में लोकसभा के माध्यम से आपकी जितनी सेवा हो सकेगी सेवा करूंगा।