जोधपुर (एकता): जोधपुर में जेएनवीयू में बीए फाइनल ईयर का पेपर लीक होने से हड़कंप मचा हुआ है। मीडिया सूत्रों के अनुसार अब हजारों परीक्षार्थियों की टेंशन भी बढ़ गई है। बता दें कि शुक्रवार को राजनीति विज्ञान का पेपर जालौर के रानीवाड़ा क्षेत्र के दो कॉलेजों में हुआ था। लेकिन परीक्षा से पहले ही वह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जिससे यूनिवर्सिटी प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। बता दें कि प्रशासन ने पुलिस उपायुक्त को इस संबंध में लेटर लिखकर एफआईआर दर्ज करने के लिए सूचित किया है। जानकारी के मुताबिक परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक रखी गई थी। लेकिन इससे पहले ही पेपर लीक हो गया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए प्रश्न पत्र का मिलान परीक्षा के प्रश्न पत्र से हुआ है। यूनिवर्सिटी प्रशासन का कहना है कि पेपर कैसे बाहर आया इसकी सख्त जांच होगी।
31 हजार परीक्षार्थियों ने दी थी परीक्षा
बता दें कि राजनीति विज्ञान की यह परीक्षा जोधपुर सम्भाग में जोधपुर, जालोर, बाड़मेर, जैसलमेर और पाली के 132 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित हुई थी। इसमें 31 हजार से ज्यादा परीक्षार्थियों ने पेपर दिया था। अब पेपर आउट की घटना के बाद उनकी टेंशन बढ़ गई है। अब उनकी सब मेहनत पर पानी फिर गया है।