जोधपुर (एकता): राजस्थान के जोधपुर में इन दिनों सीएम गहलोत के जन्मदिन से पहले ही पोस्टर चर्चा का विषय बना हुआ है। दरअसल यह पोस्टर शहर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के जन्मदिन की बधाई के देने के लिए लगाया है। लेकिन हैरानी इस बात की है कि पोस्टर लगाने वाले कांग्रेस नेता शायद मुख्यमंत्री का नाम लिखना ही भूल गए। यह सबसे बड़ा चर्चा का मुद्दा बना हुआ है।
मीडिया सूत्रों के अनुसार सोशल मीडिया पर सीएम का पोस्टर काफी वायरल हो रहा है। लोग इस पर तरह-तरह के बयान दे रहे हैं। बता दें कि अशोक गहलोत का जन्मदिन 3 मई को है। लेकिन इससे पहले ही बवाल खड़ा हो गया है। अब कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सभी जगह से पोस्टर उतरवा दिए हैं। दरअसल पोस्टर में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की फोटो तो लगई गई थी, लेकिन नाम गायब था। पोस्टर पर लिखा था, भावी चौथी बार के मुख्यमंत्री श्री…….जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई।
जानकारी के मुताबिक जिला कांग्रेस उत्तर के अध्यक्ष सलीम खान ने कहा कि यह मानवीय भूल है। जन्मदिन की बधाई देकर मुख्यमंत्री की फोटो लगाई और आगे थोड़ी जगह खाली छोड़ दी, ताकि लोग खुद सोचें कि चौथी बार तो मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ही बन सकते हैं। जो भी है लेकिन इस पोस्टर से मुख्यमंत्री का मजाक बना दिया गया। जन्मदिन से पहले ही उन्हें कार्यकर्ताओं ने तोहफा दे दिया।