दिल्ली- राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों से सर्द मौसम अब धीरे-धीरे जा रहा है। दिल्ली में रविवार को मौसम के औसत से दो डिग्री अधिक तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस था। अब IMD ने दिल्ली सहित एनसीआर में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
IMD ने मौसम पूर्वानुमान जारी करते हुए कहा कि सुबह से दिल्ली में आंशिक बादल रहेंगे। तापमान 9 डिग्री सेल्सियस से 27 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। विभाग ने बारिश की चेतावनी जारी करते हुए कहा कि आने वाले दिनों में तेज हवा के साथ बारिश या गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है, साथ ही दिन भर बादल छाए रह सकते हैं।
रविवार को दिल्ली में केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 269 ‘खराब’ श्रेणी में रहा। AQI शून्य से 50 तक “अच्छा”, 51 से 100 तक “संतोषजनक”, 101 से 200 तक “मध्यम”, 201 से 300 तक “खराब”, 301 से 400 तक “बहुत खराब” और 401 से 500 तक “गंभीर” माना जाता है।