नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कड़ाके की ठंड से थोड़ी राहत मिली, जहां न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस था, जो इस मौसम के औसत से एक डिग्री अधिक था।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के आंकड़ों के अनुसार, जनवरी में दिल्ली में पांच ठंडे दिन और पांच शीतलहर वाले दिन हुए हैं, जो पिछले 13 वर्षों में सबसे अधिक है।
शहर में ज्यादातर आसमान साफ था और मध्यम कोहरा था।मंगलवार देर रात दिल्ली की विभिन्न वेधशालाओं में दृश्यता में सुधार देखा गया। 11 बजे 45 मिनट पर सफदरजंग में 500 मीटर और पालम में 700 मीटर की दृश्यता दर्ज की गई।
सुबह साढ़े पांच बजे से दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पर 600 मीटर की दृश्यता दर्ज की गई।भारतीय रेलवे ने बताया कि उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में कोहरे के कारण दिल्ली आने वाली चौबीस ट्रेनें एक से छह घंटे की देरी से चलीं।
दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) ‘‘बहुत खराब’’ है। राष्ट्रीय राजधानी में सुबह नौ बजे एक्यूआई 392 था, जबकि मंगलवार को 376 था।
Zero से 50 तक एक्यूआई को “अच्छा”, 51 से 100 तक “संतोषजनक”, 101 से 200 तक “मध्यम”, 201 से 300 तक “खराब”, 301 से 400 तक “बहुत खराब” और 401 से 500 तक “गंभीर” मानते हैं।IMD के अनुसार सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्ष आर्द्रता 97 प्रतिशत थी।