दिल्ली- दिल्ली पुलिस ने एक महिला को फर्जी यूपीआई के माध्यम से पांच सितारा होटल से पांच लाख रुपये से अधिक की ठगी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। ये महिला, जिसका नाम झांसी रानी सैमुअल था, पंद्रह दिनों तक दिल्ली के एक होटल में रुकी। फिर फर्जी बिल देकर चली गई।

दिल्ली पुलिस ने किया महिला को गिरफ्तार !
दिल्ली पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला ने 30 दिसंबर, 2023 को पुलमैन एयरोसिटी होटल में चेक इन किया था। वह 15 दिनों तक कमरा नंबर 1161 में यूपीआई से फर्जी भुगतान करती रही। होटल के कर्मचारियों ने बताया कि आरोपी ने फर्जी बैंक बिल पेश कर होटल को 5,88,176 रुपये का चूना लगाया। होटल को पता चला कि आरोपी महिला नकली भुगतान कर रही है।
होटल के स्पा से भी किये फ़र्ज़ी भुगतान।
होटल के स्पा से पुष्टि करते समय यह भी पता चला कि महिला ने एक व्यक्ति की फर्जी पहचान के साथ 2,11,708 रुपये की सुविधाओं का लाभ उठाया है। महिला होटल से भागने लगी तो होटल कर्मचारियों ने उसे रोक लिया और पुलिस को सूचना दी। जांच के बाद एयरपोर्ट थाना पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। होटल की शिकायत के आधार पर महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। बाद में आरोपी महिला को जमानत पर रिहा कर दिया गया।