दिल्ली (एकता): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने जन्मदिन पर यात्रियों को बड़ी सौगात दी। बता दें कि दिल्ली मेट्रो से सफर करने वाले यात्री अब सिर्फ 15 मिनट में ही स्टेशन से एयरपोर्ट पहुंचेंगे। मीडिया सूत्रों के अनुसार रविवार को दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के द्वारका सेक्टर-21 से सेक्टर-25 मेट्रो स्टेशन तक एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन के विस्तार का उद्घाटन किया गया। खास बात यह है कि यात्री अब मेट्रो स्टेशन से एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 तक 15 मिनट 30 सेकंड में आसानी से पहुंच जाएंगे। जानकारी के मुताबिक इस रूट पर मेट्रो 120 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से चली। इस दौरान मोदी ने उद्घाटन के बाद मेट्रो के निर्माण कार्यों से जुड़े कर्मचारियों से बातचीत की। उन्होंने कर्मचारियों की बात भी सुनी। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मेट्रो से ही सफर किया।
A memorable Metro journey to Dwarka and back, made even more special by the amazing co-passengers from different walks of life. pic.twitter.com/Q86f4YPNVL
— Narendra Modi (@narendramodi) September 17, 2023
आधे घंटे में यात्री पहुंच सकेंगे दिल्ली
इस लाइन के विस्तार से नई दिल्ली से यशोभूमि द्वारका सेक्टर-25 तक एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन की कुल लंबाई 24.9 किलोमीटर है। लोग अब मेट्रो से उतरकर एक सब-वे से होते हुए सीधे कन्वेंशन सेंटर के अंदर पहुंच सकेंगे। कन्वेंशन सेंटर की सेवा के अलावा यह नया स्टेशन द्वारका के सेक्टर 25 के निवासियों को मेट्रो कनेक्टिविटी भी प्रदान करेगा। जिसके जरिए वह करीब लगभग आधे घंटे में मध्य दिल्ली पहुंच सकेंगे।
जन्मदिन पर पीएम के लिए यादगार बना मेट्रो का सफर
जन्मदिन पर पीएम नरेंद्र मोदी के लिए मेट्रो का सफर यादगार बना। धौलाकुआं से द्वारका तक के सफर के दौरान ट्रेन में सफर कर रही एक युवती ने संस्कृत में उन्हें जन्मदिन की शुभकामना दी। इस मौके पर महिलाओं के एक समूह ने गाना गाकर पीएम को जन्मदिन की बधाई भी दी।