दिल्ली (एकता): मानसूनी बारिश के साथ सब्जियां भी आसमान छू रही हैं। अब टमाटर सहित सब्जियों के दाम आम लोगों की बजट से बाहर होते हुए नजर आ रहे हैं। बाजार में अचानक सब्जियों के दाम बढ़ गए हैं। जिससे रसोई का बजट हिल गया है। आने वाले दिनों में तो टमाटर और भी महंगा होगा। मीडिया सूत्रों के अनुसार दिल्ली में बारिश के साथ ही टमाटर के दाम 150 के पार पहुंचे। अगले महीने तक जल्द से जल्द बाजारों में नए टमाटर आने की उम्मीद जताई जा रही है। जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है।
व्यापारियों की मानें तो बारिश के कारण ज्यादातर सब्जियों की फसलें खराब हो गई हैं। जिससे आम लोगों को ये दिन देखने पड़ रहे हैं। दिल्ली-एनसीआर के खुदरा बाजार में टमाटर के भाव 150 प्रति किलो तक पहुंच गए हैं। जबकि अदरक 400 रुपए और बैगन 50 रुपए किलो में बिक रहा है। खीरा 40 से 60 रुपए किलो, बींस 150 रुपए किलो बिक रही हैं। दिल्ली के डिफेंस कॉलोनी, ग्रीन पार्क, जोर बाग, गांधी नगर, एनसीआर के वंसुधरा, गुरुग्राम के हुड्डा सेंटर सहित अन्य इलाकों में सब्जियों के दामों में तेजी देखी जा सकती है। आम लोगों के लिए अब तो खाना बनाना भी मुश्किल हो गया है।