दिल्ली (एकता):देशभर के रेलवे स्टेशनों पर सफर करने वाले यात्रियों को लिए राहत भरी खबर है। बता दें कि अब रेलवे स्टेशनों पर मुफ्त वाई-फाई के साथ-साथ विशेष एप की सुविधा मिलेगी। जिससे यात्रियों को भी काफी लाभ होगा। मीडिया सूत्रों के अनुसार रेल मंत्रालय के केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र का उपक्रम रेलटेल निजी कंपनियों के साथ मिलकर इस सुविधा को लॉन्च कर रहे हैं। बता दें कि रेलवे स्टेशनों पर आधे घंटे तक मुफ्त वाई-फाई से हर यात्री इस सुविधा का लुत्फ उठा सकता है। रेलवे में मुफ्त कैप्टिव वाई-फाई पोर्टल का मुद्रीकरण किया जा रहा है।

खास बात यह है कि इस सुविधा का आनंद सिर्फ रेलवे स्टेशन यात्री ही नहीं बल्कि हर आम इंसान इसका प्रयोग कर सकता है। क्योंकि यह सुविधा हर किसी के लिए है। इससे रेलटेल को मुफ्त सेवा की एवज में निजी कंपनियों से कमाई भी होगी, क्योंकि उन्हें इस एप पर प्रचार करने की सुविधा भी दी जाएगी। इस सुविधा के साथ-साथ विशेष फीचर के लाभ उठाने का मौका भी मिलेगा। बताया जा रहा है कि वाई-फाई पोर्टल और सुपर एप से 1000 करोड़ रुपए के राजस्व का मौका मिल रहा है।