दिल्ली (एकता): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केरल के दौरे के दौरान प्रदेशवासियों को कई सौगातें दी। बता दें कि इस खास मौके पर मोदी ने तिरुवनंतपुरम रेलवे स्टेशन पर केरल को पहली वंदे भारत ट्रेन की सौगात दी। मीडिया सूत्रों के अनुसार पीएम ने वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये ट्रेन तिरुवनंतपुरम से कासरगोड के बीच चलेगी। इस ट्रेन की कई खासियतें हैं। बता दें कि इस दौरान पीएम के साथ केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन और सांसद शशि थरूर शामिल हुए। इसके साथ ही मोदी ने देश की पहली वाटर मेट्रो का भी उद्घाटन किया। करीब 3,200 करोड़ रुपए से ज्यादा की परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया।

जानकारी के मुताबिक पीएम ने कहा कि केरल बहुत ही जागरूक, समझदार और शिक्षित लोगों का प्रदेश है। आज केरल को अपनी पहली वंदे भारत ट्रेन मिली। इतना ही नहीं पीएम ने ट्रेन की अंदर से जांच भी की। गौरतलब है कि इससे पहले 24 अप्रैल को पीएम मोदी ने रोड शो भी किया था। मोदी ने सड़क किनारे खड़े लोगों का अभिवादन भी किया। इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हुए थे।

जानिए क्या है ट्रेन की खासियत
केरल वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन तिरुवनंतपुरम और कन्नूर के बीच किया जाएगा। दोनों डेस्टिनेशन 7.5 घंटे में सफर पूरा करेगी। ट्रेन अपने सफर में कोल्लम, कोट्टयम, एर्नाकुलम टाउन, थ्रिसर, टिरूर, कोझिकोड स्टेशन पर रुकेगी। खास बात यह है कि इस ट्रेन में 16 कोच हैं। वंदे भारत एक्सप्रेस का किराया 1520 रुपए होगा। एक्जक्यूटिव क्लास किराया 2815 रुपए होगा। इस ट्रेन में खाने-पीने के पैसे (379) अलग से देने होंगे।
