दिल्ली (एकता): ‘मंजिल उन्हीं को मिलती हैं, जिनके सपनों में जान होती है, पंखों से कुछ नहीं होता, हौसलों से उड़ान होती है’…यह कहावत 19 साल की नंदिनी गुप्ता ने सच कर दिखाई। बता दें कि राजस्थान की रहने वाली नंदिनी गुप्ताने 59वें फेमिना मिस इंडिया ब्यूटी पेजेंट में मिस इंडिया 2023 का ताज अपने नाम किया। मीडिया सूत्रों के अनुसार नंदिनी राजस्थान के कोटा की रहने वाली हैं। बता दें कि इस ‘फेमिना मिस इंडिया 2023’ के समारोह में बॉलीवुड अभिनेता कार्तिक आर्यन, अभिनेत्री अनन्या पांडे समेत कई सितारों ने शिरकत की। नंदिनी गुप्ता एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा को अपना आदर्श मानती हैं। प्रियंका चोपड़ा 2000 में मिस वर्ल्ड विनर रही थीं।

मिस इंडिया रहीं सिनी शेट्टी ने पहनाया नंदिनी गुप्ता को ताज
खास बात यह है कि नंदिनी गुप्ता को पिछले साल की मिस इंडिया रहीं सिनी शेट्टी ने जीत का ताज पहनाया। जैसे ही नंदिनी के सिर पर ताज सजा वह थोड़ी भावुक हो गई। उनकी आंखों से खुशी के आंसू झलके। जानकारी के मुताबिक यह समारोह मणिपुर में आयोजित किया गया। नंदिनी गुप्ता ब्लैक कलर के आउटफिट में नजर आई। वह काफी खूबसूरत लग रही थी। डीप नेक और आगे से कट वाले गाउन में रैंप वॉक करते हुए नंदिनी बेहद खूबसूरत दिखी। इस ताज को पाने के लिए उनके कॉन्फिडेंस ने भी उन्हें इस खिताब को जीतने में मदद की। वहीं दूसरी तरफ कार्तिक आर्यन ने अपने ट्विटर हैंडल पर ‘फेमिना मिस इंडिया 2023’ के विजेताओं की पोस्ट साझा कर उन्हें बधाई दी।

19 साल की नंदिनी ने अपने करियर में पाया बड़ा मुकाम
बता दें कि 19 साल की नंदिनी ने अपनी जिंदगी में काफी उतार-चढ़ाव देखे। इतनी कम उम्र में अपने करियर में बड़ा मुकाम पाना आसान नहीं होता। लेकिन नंदिनी के हौसले ने उन्हें हारने नहीं दिया। मिस इंडिया का ताज जीतने के बाद अब नंदिनी मिस वर्ल्ड ब्यूटी पेजेंट में भारत को रिप्रेजेंट करेंगी। नंदिनी गुप्ता राजस्थान के कोटा की रहने वाली हैं। उन्होंने अपनी पढ़ाई बिजनेस मैनेजमेंट में की। नंदिनी गुप्ता स्कूल में भी काफी एक्टिव रही हैं। वह अक्सर सभी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेती थीं। उनका सपना था कि वह बड़े होकर ‘फेमिना मिस इंडिया’ की विनर का ताज जीतेगी। आखिरकार उनका यह सपना पूरा हुआ। उसने राजस्थान का सिर गर्व से ऊंचा किया। 19 साल की उम्र में उनका ‘मिस इंडिया’ बनना कई लड़कियों के लिए एक प्रेरणा है। नंदिनी ने कहा कि राजस्थान का यह फैब्रिक आर्ट बहुत फेमस है। कैथून में रहने वाली बहुत सी महिलाएं और उनका परिवार इस फैब्रिक को बनाने का काम करता है। उन्होंने अपनी सारी जिंदगी इसी में लगा दी। अब चाहती हैं कि वह कैथून की महिलाओं को अच्छा प्लेटफॉर्म दिलवा सकें। जहां पर उनके साथ कुछ ऐसी-वैसी घटना न हो और उनको उनके हक की कमाई मिल सके।
