दिल्ली (एकता): दिल्ली में प्रदूषण लगातार बढ़ता जा रहा है। जिससे मानव जीवन को भयानक परिणाम भुगतने पड़ रहे हैं। गर्मियों के मौसम में होने वाले प्रदूषण से लोगों को कई मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। मीडिया सूत्रों के अनुसार प्रदूषण से राहत दिलाने के लिए दिल्ली सरकार समर एक्शन प्लान तैयार करेगी। बता दें कि 11 अप्रैल को सचिवालय में बैठक होगी। इसी बीच पर्यावरण विभाग तुरंत दीर्घकालिक योजना बनाकर इसे लागू करेगा। इस बैठक में फायर सर्विस, डूसिब, डीपीसीसी, डीडीए, निगम, राजस्व सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी हिस्सा लेंगे। दिल्ली में प्रदूषण एक बड़ी चुनौती बन गया है।

आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद प्रदूषण को कम करने के लिए लगातार काम किए गए हैं। 2022-23 के मुताबिक साल 2016 से 2021 के बीच दिल्ली के वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में अच्छी, संतोषजनक और मध्यम श्रेणी के दिनों की संख्या 109 से बढ़कर 160 हो गई है। विंटर एक्शन प्लान कि तर्ज पर अब समर एक्शन प्लान कि नई रूपरेखा तैयार की जाएगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी अनिल कुमार ने बुधवार को कहा कि दिल्ली सरकार ने 8 सालों के शासन में यमुना की सफाई के नाम पर करोड़ों रुपए भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा दिए। यमुना में प्रदूषण हर दिन बढ़ता जा रहा है। जिससे लोगों का जीवन भी खतरे में पड़ सकता है।