दिल्ली (एकता): दिल्ली में पल-पल मौसम का मिजाज बदल रहा है। मार्च महीने में बेमौसम बारिश ने रिकॉर्ड तोड़ा। जिससे लोगों को एक बार फिर ठंड का एहसास कराया। मीडिया सूत्रों के अनुसार मौसम के इस बदले मिजाज के कारण चढ़ते पारे पर भी ब्रेक लगा है। धूप खिलने के बाद शाम होते-होते बारिश शुरू हो जाती है। शुक्रवार को तापमान 28 डिग्री तक पहुंच गया। बता दें कि राजधानी दिल्ली में एक मार्च से अब तक सात दिन बारिश हुई। इस तरह से पूरे मार्च में अब तक 83.2 मिमी बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में बारिश का यह दौर अभी जारी रह सकता है। दरअसल एक व तीन अप्रैल को फिर से कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। तीन अप्रैल के बाद से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होनी शुरू होगी। दिल्ली के रिज में उत्तर पश्चिमी भारत के मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। पिछले 2 सालों के मुकाबले में इस साल का मार्च महीना कुछ ठंडा रहा। मार्च का औसतन अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।