दिल्ली (एकता): उत्तर प्रदेश की सीनियर और चर्चित आईएएस अधिकारी अपर्णा यू के पति को आंध्र प्रदेश सीआईडी की टीम नोएडा ने 3,300 करोड़ के घोटाले के केस में गिरफ्तार किया है। मीडिया सूत्रों के अनुसार IAS अफसर के पति जीबीएस भास्कर पर सरकारी योजना में फर्जीवाड़ा कर धन जुटाने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि घोटाले के समय जीबीएस भास्कर की पत्नी अपर्णा यू आंध्र के कौशल विकास विभाग में तैनात थीं। उस समय कौशल विकास परियोजना के लिए 58 करोड़ में सॉफ्टवेयर खरीदा गया था। तब अफसर के पति भास्कर नोएडा कार्यालय में नौकरी करते थे। अपर्णा यू अभी यूपी में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की निदेशक हैं।
गिरफ्तारी के बाद आंध्र प्रदेश सीआईडी ने फिर की छापेमारी
इस घोटाले के मामले में आईएएस अपर्णा यू के पति जीबीएस भास्कर की नोएडा से गिरफ्तारी के बाद आंध्र प्रदेश सीआईडी की टीम ने शनिवार को एक बार फिर छापेमारी की। वह जब आईएएस के फ्लैट पर पहुंची तो वहां ताला लगा हुआ था तो टीम वापस लौट गई। भास्कर को आंध्र प्रदेश पुलिस 16 मार्च को नोएडा से गिरफ्तार कर ले गई थी।
लखनऊ में रहती हैं IAS अफसर
सीआईडी की टीम ने जीबीएस भास्कर से पूछताछ के बाद सबूत इकट्ठे करने के लिए दोबारा छापेमारी की थी। हालांकि इस मामले में स्थानीय पुलिस अधिकारी का कहना है कि अपर्णा यू लखनऊ में रहती हैं। वहीं दूसरी तरफ उनका इस घोटाले में कोई नाम शामिल नहीं है।