दिल्ली (एकता): कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को आपराधिक मानहानि के एक मामले में सूरत कोर्ट द्वारा दोषी करार देने के बाद उनकी लोकसभा सदस्यता खत्म कर दी गई। मीडिया सूत्रों के अनुसार अब सवाल यह उठ रहे हैं कि क्या संसद की सदस्यता के बाद अब राहुल गांधी को सरकारी बंगला भी छोड़ना होगा। अगर ऐसा हो गया तो राहुल गांधी कहां जाएंगे। गौरतलब है कि 23 मार्च को सूरत कोर्ट से मिली 2 साल की सजा के बाद वायनाड सांसद की सदस्यता रद्द की गई थी।
जानकारी के मुताबिक ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के खत्म होने के बाद एक कार्यक्रम में वायनाड से राहुल गांधी ने कहा था कि मेरे पास कभी अपना कोई घर नहीं रहा। यात्रा के दौरान नेताओं को रुकने और रहने के लिए कंटेनरों में घर जैसे बने केबिन मिले थे। सोनिया गांधी के पास भी अपना कोई घर नहीं है। दरअसल आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले डायरेक्टोरेट ऑफ स्टेट्स ही केंद्रीय मंत्रियों से लेकर सांसदों को सरकारी बंगले दिए जाते हैं। राहुल गांधी की संसद सदस्यता खत्म होने के बाद अब उनको नियमों के अनुसार बंगला खाली करना होगा। हालांकि, इससे पहले सरकार उन्हें एक नोटिस जारी करेगी। उसके एक सप्ताह के बाद उन्हें बंगला खाली करना पड़ सकता है।