दिल्ली (एकता): दिल्ली में रेप की वारदातें कम होने का नाम ही नहीं ले रही हैं। आए दिन महिलाओं, बच्चियों के साथ गैंगरेप की दिल दहलाने वाली घटनाएं सामने आ रही हैं। दरिंदे सरेआम उनको अपनी हवस का शिकार बना रहे हैं। एक ऐसा ही ताजा मामला दिल्ली में सामने आया है, जहां स्कूल के चपरासी सहित चार लोगों ने मिलकर 5वीं कक्षा की एक छात्रा के साथ गैंगरेप किया। मीडिया सूत्रों के अनुसार पुलिस ने इस मामले में 54 वर्षीय चपरासी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही इस घटना के बाद स्कूलों की सुरक्षा पर सवाल उठे रहे हैं।
इस मामले में दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने दिल्ली पुलिस और एमसीडी को नोटिस जारी किया। स्वाति मालीवाल ने इस घटना पर कहा कि बच्ची अगर स्कूल में भी सुरक्षित नहीं तो कहां है? जानकारी के मुताबिक गैंगरेप की यह घिनौनी वारदात एमसीडी के स्कूल में हुई हैं।
आरोपी की पहचान कुमार (54) के रूप में हुई। पुलिस ने आईपीसी की धारा 363, 328, 376डी, 506 और 6 पॉक्सो एक्ट के तहत आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। हालांकि एमसीडी आरोपी को पहले ही सस्पेंड कर चुकी है। साथ ही दूसरे आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है। दूसरी ओर स्कूल की प्रिंसिपल और शिक्षक की शिकायत के आधार पर ही गाजीपुर पुलिस ने बच्ची के साथ गैंगरेप, पोक्सो एक्ट, नशीला पदार्थ खिलाने और धमकी सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया। प्रिंसिपल और टीचर ने घटना के बारे में पता चलने के दो दिन बाद विभाग को बताया था, इसलिए उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।