दिल्ली (एकता): दिल्ली में एक हैरतअंगेज मामला सामने आया है, जहां एम्स के डॉक्टरों ने चमत्कार कर दिखाया। बता दें कि डॉक्टरों ने एक महिला के गर्भ में पल रहे बच्चे का जन्म से पहले ही दिल का ऑपरेशन किया। मीडिया सूत्रों के अनुसार डॉक्टरों ने महज 90 सेकंड में ऑपरेशन किया। इस सर्जरी के बाद मां और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। बता दें कि इस सर्जरी को ‘बैलून डाइटेशन’ कहते हैं। हालांकि यह सर्जरी आसान नहीं थी। भ्रूण चिकित्सा विभाग के साथ कार्डियोलॉजी और कार्डियक एनेस्थीसिया विभाग के डॉक्टर भ्रूण की निगरानी कर रहे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि गर्भ में रहने के दौरान बच्चे में होने वाले गंभीर हृदय रोगों का निदान किया जा सकता है। गर्भ में इलाज से बच्चे का विकास जन्म के बाद बेहतर हो सकता है।
जानिए क्यों किया डॉक्टरों ने ऑपरेशन
डॉक्टरों ने कहा कि गर्भस्थ के दिल में यह एक अवरुद्ध वाल्व का गुब्बारा फैलाव है। बता दें कि इसमें मां के पेट के जरिए बच्चे के दिल में एक सुई डाली गई। आम तौर पर एंजियोग्राफी के तहत ऐसी प्रक्रिया की जाती है, लेकिन इस मामले में ऐसा नहीं कर सकते थे। इसे करने के लिए ज्यादा समय भी नहीं ले सकते थे। अगर डॉक्टर ज्यादा समय लेते तो बच्चा मर भी सकता था। इसलिए डॉक्टरों को सिर्फ 90 सेकंड में यह ऑपरेशन करना पड़ा। एम्स में आई पीड़ित 28 वर्षीय गर्भवती महिला का पहले भी तीन बार गर्भपात हो चुका था। इस बार वह अपने बच्चे को बचाना चाहती थी।