दिल्ली (एकता): एयर इंडिया में कथित तौर पर दुर्व्यवहार के मामले सामने आ रहे हैं। इसी बीच अब लंदन से मुंबई के लिए उड़ान भरने वाली फ्लाइट में बाथरूम में धूम्रपान करने और अन्य यात्रियों से बदतमीजी का मामला सामने आया है। मीडिया सूत्रों के अनुसार आरोपी शख्स ने बाथरूम में पहले सिगरेट पी और फिर दूसरे यात्रियों के साथ दुर्व्यवहार किया। घटना शनिवार यानि 11 मार्च की बताई जा रही है। यात्री की पहचान 37 वर्षीय अमेरिकी नागरिक रमाकांत के रूप में हुई है।
बता दें कि इस घटना का खुलासा तब हुआ जब आरोपी रमाकांत ने फ्लाइट का दरवाजा खोलने की कोशिश की। यात्री ने कहा कि वह कुछ दवा ले जा रहा था। लेकिन उसके सामान की जांच करने पर ऐसी कोई वस्तु बरामद नहीं हुई। वहीं दूसरी ओर धूम्रपान करने पर उसके खिलाफ थाने में मामला दर्ज किया गया है। इसके साथ ही उसके नशे की हालत में भी पुष्टि की जांच के सैंपल भेजे गए है।
गौरतलब है कि ऐसा ही एक मामला पिछले दिनों यानि 4 मार्च को सामने आया था। जहां एक यात्री कोलकाता-नई दिल्ली एयर इंडिया की उड़ान के बीच शौचालय के अंदर धूम्रपान करते हुए पकड़ा गया था। यात्री को उतरते ही दिल्ली पुलिस को सौंप दिया गया था। बताया जा रहा है कि इसी साल जनवरी में नागपुर से मुंबई जाने वाली इंडिगो की एक फ्लाइट में यात्री को उतरने से ठीक पहले फ्लाइट का आपातकालीन दरवाजा खोलने का कथित रूप से प्रयास किया था। जिसके चलते उस पर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर केस दर्ज कर गिरफ्तार किया था।