दिल्ली (एकता): देश में कोरोना की तरह जानलेवा एच3एन2 वायरस तेजी से फैल रहा है। एच3एन2 इन्फ्लूएंजा संक्रमण के चलते शनिवार को नीति आयोग ने दिल्ली में अहम बैठक की। बता दें कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने राज्यों को बढ़ते संक्रमण को लेकर सतर्कता और लगातार निगरानी के निर्देश दिए हैं। आज नीति आयोग की राज्यों के स्वास्थ्य विभागों के साथ बैठक की। कोविड-19 के लिए वैक्सीन प्रशासन पर राष्ट्रीय विशेषज्ञ समूह (एनईजीवीएसी) ने भी आंतरिक बैठक बुलाई है।
बैठक के बाद स्वास्थ मंत्रालय की तरफ से पत्र जारी किया गया। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने सभी राज्यों के मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव (स्वास्थ्य) को अन्य इन्फ्लुएंजा जैसी बीमारियों और गंभीर सांस संबंधी बीमारियों के देश भर के कुछ राज्यों में बढ़ती प्रवृत्ति के बारे में लिखा। गौरतलब है कि एच3एन2 इन्फ्लूएंजा संक्रमण बीमारी से अब तक हरियाणा और कर्नाटक में एक-एक मरीज की मौत हुई है।एच3एन2 सहित विभिन्न फ्लू से संक्रमित तीन हजार से ज्यादा मरीज मिले हैं।