दिल्ली (एकता): बॉलीवुड के काफी मशहूर अभिनेता सतीश कौशिक के निधन की खबर सुनकर फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ पड़ी। हर कोई उनकी मौत की खबर से हैरान था। सब यही सोच रहे थे कि सबको हंसाने वाला इतनी जल्दी दुनिया को अलविदा कह गया। बता दें कि सतीश कौशिक हिंदी सिनेमा के उन कलाकारों में से एक थे, जिन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में अपनी अलग छाप छोड़ी। उन्होंने कॉमेडियन, स्क्रिप्ट राइटर और निर्माता के तौर पर भी अपनी पहचान बनाई थी। गौरतलब है कि अभिनेता सतीश कौशिक को गुरुवार सुबह दिल का दौरा पड़ा। जिससे उनका निधन हो गया। उन्होंने 66 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया। कौशिक को आखिरी बार मुंबई में जावेद अख्तर और शबाना आजमी की होली पार्टी में देखा गया था।

प्रेग्नेंट नीना गुप्ता को किया था शादी के लिए प्रपोज
एक्टिंग के अलावा वह निजी जिंदगी को लेकर भी काफी सुर्खियों में रहे। पिछले साल वह उस समय काफी चर्चा में थे, जब अभिनेत्री नीना गुप्ता ने अपने ओटोबायोग्राफी में खुलासा किया था कि सतीश कौशिक ने उन्हें शादी के लिए प्रपोज किया था। दिवंगत अभिनेता उनसे प्रेग्नेंट होने क बावजूद शादी करना चाहते थे। वह उस समय बेटी मसाबा गुप्ता को जन्म देने वाली थीं। लेकिन एक्ट्रेस ने उनके इस प्रपोजल को मना कर दिया। सतीश नीना और उनके होने वाले बच्चे को अपनाने को भी तैयार थे। दिग्गज अदाकारा नीना गुप्ता की जिंदगी खुली किताब की तरह है। उन्होंने अपनी ऑटोबायोग्राफी में बताया कि सतीश ने उनसे कहा था, “अगर उनका बच्चा सांवले रंग का होता है तो वह कह सकती हैं यह उनका बच्चा है और दोनों शादी कर लेंगे। किसी को इस बारे में पता नहीं चलेगा। सतीश कौशिक ने उनका मुश्किल समय में भी साथ दिया। वह पीछे नहीं हटे। नीना गुप्ता ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक इमोशनल वीडियो शेयर किया। वीडियो के साथ नीना ने लिखा, “अलविदा कौशिकन।”

इन फिल्मों में काम कर सतीश कौशिक ने बनाई अपनी अलग पहचान
सतीश कौशिक ने साल 1987 में आई फिल्म “मिस्टर इंडिया” से पहचान बनाई थी। इसमें उनका ‘कैलेंडर’ का किरदार खूब पसंद किया गया। इसके बाद दीवाना मस्ताना में ‘पप्पू पेजर’ का किरदार निभाया। उन्होंने ऐसी कई फिल्मों में काम किया और अपनी अलग पहचान बनाई। उन्हें 1990 में फिल्म राम लखन और 1997 में फिल्म साजन चले ससुराल के लिए सर्वश्रेष्ठ हास्य अभिनेता का फिल्मफेयर अवार्ड दिया गया। सतीश कौशिक ने 1985 में शशि कौशिक से शादी की।
