गाजियाबाद (एकता): गाजियाबाद के सपा नेता जितेंद्र यादव के घर शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने छापेमारी की। मीडिया सूत्रों के अनुसार पूरी कार्रवाई को गोपनीय तरीके से अंजाम दिया गया। बता दें कि सपा नेता जितेंद्र यादव बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के समधी हैं। फिलहाल छापेमारी जारी है। ईडी ने किसी भी बाहरी व्यक्ति के आने-जाने पर रोक लगाई है। जितेंद्र यादव गाजियाबाद के राजनगर सेक्टर-15 में रहते हैं।
जानकारी के मुताबिक ईडी की टीम सुबह आठ बजे से जितेंद्र यादव के आवास पर डेरा डाले हुए हैं। टीम काफी बारीकी से जांच कर रही हैं। सभी के मोबाइल बंद किए गए हैं। किसी को भी अंदर आने से मना किया है। साथ ही मीडियाकर्मियों को भी मना किया गया है। वहीं इस कार्रवाई के समय आरजेडी के कार्यकर्ताओं ने काफी हंगामा किया था, लेकिन जितेंद्र यादव के यहां कोई भी सपा नेता नहीं पहुंचा। घर के गेट पर एक व्यक्ति को तैनात किया गया है। जो सभी के आने-जाने पर नजर रखे हुए हैं। फिलहाल इस मामले में कुछ ज्यादा जानकारी नहीं दी गई है।