दिल्ली (एकता): दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के शूटर सुधीर मान को गिरफ्तार किया है। मीडिया सूत्रों के अनुसार शूटर सुधीर मान से प्वाइंट 32 बोर की पिस्टल और चार कारतूस भी बरामद हुए हैं। इतना ही नहीं कुख्यात गैंगस्टर लारेंस बिश्नोई-काला जठेड़ी गिराेह के शूटर पर दिल्ली व हरियाणा में हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती व शस्त्र अधिनियम आदि के पूर्व से छह आपराधिक मामले दर्ज हैं। यह जेल में बंद पर्टी डीलरों को धमकी देकर उनसे रंगदारी वसूलने का काम भी करता था।
जानकारी के मुताबिक शूटर सुधीर मान को 23 फरवरी को मुख्य नजफगढ़-ढांसा रोड से गिरफ्तार किया गया। वैसे वह मूलरूप से बहादुरगढ़, झज्जर का रहने वाला है। हाल ही में वह उत्तम नगर के मोहन गार्डन स्थित एक रियल एस्टेट फर्म के व्यवसायी को पिस्टल दिखा धमकाते हुए पाया गया था। पूछताछ में सुधीर मान ने कहा कि मार्च 2022 में गिरोह के मुखिया संदीप झांझरिया उर्फ काला जठेड़ी के निर्देश पर एक करोड़ रंगदारी की मांग करते हुए फायरिंग की थी।