दिल्ली (एकता): मशहूर डायरेक्टर करण जौहर की आने वाली फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ की शूटिंग कश्मीर में होने जा रही है। बता दें कि इस फिल्म में रणवीर सिंह और आलिया भट्ट लीड रोल में हैं। मीडिया सूत्रों के अनुसार करण जौहर की इस रोमांटिक फिल्म के गाने कश्मीर में शूट किए जाएंगे। खास बात यह है कि आलिया भट्ट अपनी बेटी राहा को साथ लेकर जाएंगी। बताया जा रहा है कि करण जौहर ने सोशल मीडिया पर जो पोस्ट शेयर किया है, उसमें लिखा है, ‘हमारी फिल्म के आखिरी शेड्यूल की शूटिंग, जिसे मैं 7 साल बाद डायरेक्ट कर रहा हूं। यह जो गाना है मेरे सबसे खास फिल्ममेकर को श्रद्धांजलि है। इससे ज्यादा क्या कहूं।’

इस फिल्म में रणवीर सिंह और आलिया भट्ट लीड रोल में हैं जबकि धर्मेंद्र, जया बच्चन और शबाना आजमी भी अहम भूमिका निभाएंगे। खास बात यह है कि फिल्म की शूटिंग आज से यानि 1 मार्च से शुरू गई है। यह 10 दिन तक चलेगी। जिसके चलते करण, रणवीर और आलिया कश्मीर पहुंच चुके हैं। इस शूटिंग में आलिया के साथ उनकी 4 महीने की बेटी राहा भी रहेंगी। सभी लोग आलिया की बेटी को लेकर सेट पर काफी उत्साहित हैं। करण जौहर उनकी बेटी को मिलने के लिए सबसे ज्यादा खुश हैं क्योंकि उन्हें राहा के साथ बहुत कम समय बिताने को मिला।

आलिया भट्ट से पहले मंगलवार रात रणवीर सिंह कश्मीर के लिए रवाना हुए थे। वीडियो में फिल्म की पूरी टीम फ्लाइट में बैठी नजर आई। करण जौहर की फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ 28 जुलाई 2023 को रिलीज होगी। ये फिल्म पहले 28 अप्रैल को रिलीज होने जा रही थी, लेकिन पिछले कुछ दिनों से मेकर्स ने इसमें बदलाव किया है। गौरतलब है कि आलिया भट्ट और रणबीर कपूर ने 14 अप्रैल, 2022 को गुपचुप तरीके से परिवार और दोस्तों के बीच शादी की थी। उनकी शादी वाले दिन ढोल-नगाड़े के साथ एक फ्लोर से बारात दूसरे फ्लोर पर गई थी। 6 नवंबर, 2022 में एक्ट्रेस ने बेटी राहा को जन्म दिया था।