इंदौर (एकता): मध्य प्रदेश के इंदौर में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक छात्र ने महिला प्रिंसिपल को पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया। मीडिया सूत्रों के अनुसार बीएम कॉलेज के एक पूर्व छात्र ने अपनी मार्कशीट मिलने में देरी होने पर कॉलेज की प्रिंसिपल को आग के हवाले कर दिया। घटना सोमवार की है। प्रिंसिपल की हालत गंभीर बताई जा रही है। बता दें कि जब प्राचार्य कॉलेज से अपने घर के लिए निकल रही थीं तो कार में बैठते ही छात्र ने उन पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। कोई कुछ समझ पाता इतनी देर में प्रिंसिपल को आग ने घेर लिया।
मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें बाहर निकाला। घटना के बाद पीड़िता प्रिंसिपल कॉलेज की ओर भागी, जिसके बाद कर्मचारियों ने तुंरत आग बुझाई और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों का कहना है कि वह 80 प्रतिशत जल गई हैं और उनकी हालत गंभीर बताई है। वहीं दूसरी तरफ इस घटना में आरोपी छात्र भी झुलस गया और जब उसने खुद को खत्म करने की कोशिश की तो पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी मार्कशीट नहीं मिलने से नाराज था और उसने पिछले साल अक्टूबर में एक प्रोफेसर पर भी चाकू से हमला किया था।
पहले भी वारदात को छात्र अंजाम दे चुका है
सिमरोल थाने के टीआई आरएनएल भदौरिया ने बताया कि छात्र पहले भी कॉलेज में इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे चुका है।