दिल्ली (एकता): गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियां जोरों-शोरों से चल रही हैं। सोमवार सुबह से ही कर्तव्य पथ पर फुल ड्रेस रिहर्सल चली हुई है। जिसके चलते दिल्ली के कई रूट बंद किए गए हैं। गणतंत्र दिवस के लिए राष्ट्रीय रंगशाला में केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश की झांकी की तैयारी चल रही।

मीडिया सूत्रों के अनुसार दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को सलाह दी थी कि वे नई दिल्ली, मध्य दिल्ली व दक्षिण दिल्ली इलाके में आने से बचें। लेकिन फिर भी कई रास्तों पर लंबा जाम देखने को मिला।

परेड के समाप्त होने तक विजय चौक से इंडिया गेट तक यातायात की अनुमति नहीं है। वहीं राजपथ पर भारतीय सेना सुबह ठंड में अपनी ताकत का प्रदर्शन करती दिखी। टैंकों, मिसाइलों और डिफेंस सिस्टम की झलक भी देखने को मिली। डीसीपी नॉर्थ सागर सिंह कलसी ने कहा कि हम होटल, गेस्ट हाउस और सिनेमा हॉल में डोर-टू-डोर सत्यापन करते हैं। प्रमुख बाजारों में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस पिकेट और गश्त बढ़ाई गई है।