दिल्ली (एकता): दिल्ली में आज रूट देखकर ही घर से निकलें, क्योंकि गणतंत्र दिवस परेड की फुल ड्रेस रिहर्सल शुरू होने वाली है। हर साल की तरह इस बार भी 26 जनवरी को हर देशवासी पूरे उत्साह के साथ गणतंत्र दिवस की तैयारियों में डूबा हुआ है। हर किसी को इस दिन का इंतजार रहता है। इसी दिन हमारा संविधान 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ था, जिससे भारत एक लोकतांत्रिक गणराज्य बना।

आपको बता दें कि गणतंत्र दिवस समारोह के लिए फुल ड्रेस रिहर्सल सोमवार यानि आज होगी। ड्रोन व पैराग्लाइडर आदि उड़ाने पर रोक रहेगी। जिसके चलते दिल्ली में कई रास्ते बंद रहेंगे। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को एडवाइजरी जारी की है कि वह दिल्ली में आने से बचे। यह रिहर्सल सुबह 10:30 बजे विजय चौक से शुरू होगी और कर्तव्य पथ, सी-हेक्सागन, तिलक मार्ग, बहादुर शाह जफर से होते हुए लालकिले पर खत्म होगी। किसी को परेड खत्म होने तक इंडिया गेट तक आने की आज्ञा नहीं होगी।

परेड की गति के आधार पर ही क्रॉस-ट्रैफिक की अनुमति दी जाएगी। वहीं रिहर्सल समारोह के चलते सभी स्टेशनों पर मेट्रो सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। हालांकि अभी तक उत्तरी दिल्ली से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन या पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन तक आवाजाही पर कोई प्रतिबंध नहीं है। दिल्ली सचिवालय में सिटी बसों की आवाजाही कम कर दी जाएगी। गाजियाबाद से शिवाजी स्टेडियम जाने वाली बसें एनएच-24, रिंग रोड और भैरों रोड पर समाप्त होंगी।