दिल्ली (एकता): दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में एक युवक के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। मीडिया सूत्रों के अनुसार फुट ओवरब्रिज की लिफ्ट में फंसकर युवक की मौत हो गई। इतना ही नहीं लिफ्ट में आईआईटी दिल्ली के तीन छात्र फंसे थे। जब उन्होंने कॉल की तो हड़कंप मच गया।
पुलिस ने तुरंत दमकल विभाग, दिल्ली आपदा प्रबंधन और पीडब्ल्यूडी की टीम को बुलाया। सभी दलों ने बड़ी समझदारी से लिफ्ट के ऊपरी हिस्से को हटाकर तीनों छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान बचाव दल को पता चला कि लिफ्ट की अंदर की दीवार में एक युवक फंसा हुआ है।
करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद युवक को बाहर निकाला तो उसका शरीर आधा हो चुका था जिससे उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से मामले की जांच की जा रही है। पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि लिफ्ट के ग्राउंड फ्लोर पर लगा पैनल गायब है।