दिल्ली (एकता): दिल्ली के कंझावला कांड में एक नया मोड़ आया है। मीडिया सूत्रों के अनुसार मृतक अंजलि के घर चोरी होने का मामला सामने आया है। बता दें कि अंजलि की मां अस्पताल में हैं और बहन ननिहाल में रह रही है। इस समय उनके घर पर कोई नहीं था।
परिजनों ने इस चोरी की घटना पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यह निधि की साजिश है। वह पकड़े जाने के डर से अपना सामान हमारे घर में रखवाना चाह रही है। इतना ही नहीं उन्होंने पुलिस पर भी कई सवाल उठाए हैं। परिजनों का कहना है कि पुलिस काफी दिनों से हर जगह थी लेकिन सिर्फ कल ही क्यों नहीं। वहीं दूसरी तरफ इस घटना की सूचना पड़ोसियों ने मृतका के परिजनों को दी।
उन्होंने बताया कि मृतका के घर के बाहर लगा बल्ब बंद है और घर का दरवाजा खुला है। इस पर पड़ोसी ने अंजलि के परिजनों को चोरी की वारदात की जानकारी दी। घर से सामान गायब है। मृतक अंजलि के परिवार वालों को निधि और उसके साथियों पर शक है। मौके पर पहुंची पुलिस मामले में जांच कर रही है।