दिल्ली (एकता): पुरानी दिल्ली के यमुना बाजार स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में आशीर्वाद लेकर राहुल गांधी ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ शुरू की। सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी ने दुनिया चले ना श्री राम के बिना, रामजी चले ना हनुमान के बिना, इस भजन का उच्चारण करते हुए यात्रा की शुरुआत की।

बता दें कि राहुल गांधी यमुना बाजार से शुरू हुई अपनी यात्रा के दौरान दिल्ली के जाफराबाद स्थित एक स्कूल में आराम करने के लिए ठहरे। उनका स्वागत करने के लिए काफी लोग उमड़े। लोहे का पुल पार करते ही पूर्वी दिल्ली में दर्शन करने के बाद राहुल अपनी कार में बैठे। इस मौके पर आम लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला। राहुल के साथ कांग्रेस के तमाम नेता मौजूद हैं।

राहुल गांधी के लिए सजा मंच
दिल्ली-यूपी बॉर्डर पर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के लिए मंच सजाया गया है। यहां से वह जनता को संबोधित करेंगे। यात्रा के बलराम नगर में पहुंचने से पहले मंच पर पूर्व मंत्री सलमान खुर्शीद, एससी एसटी आयोग के पूर्व सदस्य पीएल पुनिया, अखिलेश सिंह, प्रदीप माथुर, आदित्य, मीम अफजल और कांग्रेस प्रवक्ता गौरव भल्ला पहुंच गए हैं।