दिल्ली (एकता): हर तरफ नए साल के जश्न की रौनक देखते ही बन रही है, लेकिन दूसरी ओर साल के आखिरी दिन बहुत से लोग परिवार व दोस्तों के साथ इंडिया गेट घूमने के लिए उत्साहित दिखे। कहीं संगीत की धुन पर, तो कहीं गुब्बारे उड़ाकर नए साल का जश्न मनाया गया। नए साल की जश्न की तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई। दिल्ली में कनॉट प्लेस से लेकर इंडिया गेट तक लोगों ने जश्न मनाया।

कनॉट प्लेस, ग्रेटर कैलाश, साउथ एक्सटेंशन राजौरी गार्डन से लेकर तमाम शॉपिंग मॉल्स और प्रमुख बाजारों में स्थित शोरूम, रेस्टोरेंट और बार में विशेष तैयारियां की गई। वहीं दूसरी ओर कई लोग कनॉट प्लेस पर खुलकर नए साल का जश्न नहीं मना पाए। मीडिया सूत्रों के अनुसार कनॉट प्लेस पर पहुंचने वाले रास्तों को समय से पहले ही पुलिस ने बंद कर दिया। जिससे वाहन चालकों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

पुलिस का यातायात को दूसरे मार्गों पर डायवर्ट किए जाने से वैकल्पिक मार्गों पर दबाव बढ़ गया और भारी जाम लग गया। लोग एक-एक घंटे तक जाम में फंसे रहे। कनॉट प्लेस में पैदल आने वाले लोगों को भी खाली हाथ जाना पड़ा। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने नए साल की पूर्व संध्या पर यातायात एडवाइजरी जारी की थी। कनॉट प्लेस की ओर आने वाले सभी मार्गों को 31 दिसंबर की रात आठ बजे बंद किया जाना था।
