दिल्ली (एकता): भारत जोड़ो यात्रा का राजधानी दिल्ली में प्रवेश हो चुका है। शनिवार को बदरपुर बॉर्डर से सुबह-सवेरे राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पहुंची। शाम साढ़े चार बजे यात्रा लाल किले पहुंचकर समाप्त होगी। यहां राहुल गांधी की जनसभा होगी। पुलिस ने यातायात को लेकर एडवाइजरी जारी की है। यात्रा में 50 हजार से अधिक लोग शामिल है। यात्रा के कारण कई जगहों पर जाम लगने की आशंका है।
इसके मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने एडवाइजरी भी जारी की है। ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों से बदरपुर सीमा से लाल किले तक यात्रा करने से बचने और सार्वजनिक परिवहन का अधिकतम उपयोग करने की सलाह दी है। शुक्रवार देर रात रूट तय होने के बाद दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। यात्रा को सड़क पर एक किनारे एक लाइन में चलाया जाएगा।