नॉर्थ दिल्ली (अनिल कुमार): दिल्ली के गुलाबी बाग इलाके में एक तेज रफ्तार कार का भयानक कहर देखा गया। जहां शख्स ने फुटपाथ पर खेल रहे 3 मासूम बच्चों को कुचल दिया। बता दें कि घटना रविवार को हुई। हालांकि घटना की सीसीटीवी फुटेज सामने आई हैं जिसमें साफ देखा जा सकता है कि कैसे सफेद रंग की ब्रेजा कार फुटपाथ पर चढ़ गई और उसने बच्चों को बेरहमी से कुचला। हादसे में घायल हुए तीन बच्चों में से दो की हालत खतरे से बाहर है, जबकि एक बच्चे की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
हादसे के बाद परिजनों का आरोप है कि कार में महिला समेत तीन लोग सवार थे। कार में बैठा शख्स दूसरे शख्स को गाड़ी चलाना सिखा रहा था, तभी तेज रफ्तार कार फुटपाथ पर चढ़ गई। घटना के बाद मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई, कार में बैठे लोगों को पकड़कर भीड़ ने एक कमरे में बंद कर दिया।
हादसे की जानकारी पुलिस को दी गई, पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तीनों को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए कार में बैठे तीनों सवारों को हिरासत में लेकर ब्रिजा कार को अपने कब्जे में ले लिया है। वहीं उत्तरी जिले के डीसीपी सागर सिंह कलसी ने बताया कि कार 30 वर्षीय गजेंद्र चला रहा था, जो प्रताप नगर का रहने वाला है । मामले में चश्मदीद व पीड़ित परिवार के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।