दिल्ली (अनिल कुमार): दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके में आवारा असामाजिक तत्वों की पुलिस में शिकायत करना स्थानीय लोगों को भारी पड़ गया। पुलिस ने शिकायत पर जैसे ही आवारा तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की तो उसके कुछ घंटों बाद से शिकायतकर्ता परिवारों की बाइक में आग लगाकर लड़कियों को स्कूल तक भेजने पर धमकियां देने का सिलसिला शुरू हो गया।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपियों ने लड़कियों और बच्चों तक को अंजाम भुगतने की धमकी दी जिसको लेकर स्थानीय लोगों में असुरक्षा का भय सता रहा है। स्थानीय लोगों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और सुरक्षा हेतु गुहार लगाई है। वहीं बाहरी जिले के डीसीपी हरेंद्र कुमार ने फोन पर हुई बातचीत में शिकायत पर कड़ी कार्रवाई की बात कही है।