दिल्ली (कमल कुमार कंसल): दिल्ली में इंटरनेशनल साइबर फ्रॉड कर रहे एक बड़े गैंग का पर्दाफाश होने का मामला सामने आया है। बता दें कि दिल्ली की स्पेशल पुलिस सेल की IFSO यूनिट, अमेरिका की FBI और कनाडा की कनेडियन लॉ एनफोर्समेंट एजेंसी ने मिलकर इसका पर्दाफाश किया। हैरानी की बात यह है कि यह गिरोह करीब 20 हजार से ज्यादा विदेशियों को अपने जाल में फंसा कर अपना शिकार बना चुके थे। जिसके चलते उन्होंने 10 करोड़ रुपए धोखाधड़ी के जरिए हासिल किए।
FBI ने दिल्ली पुलिस को सीबीआई के इंटरपोल विंग के जरिए संपर्क किया कि साइबर फ्राड का एक बड़ा गिरोह दिल्ली और उसके आसपास के इलाके से ऑपरेट किया जा रहा है, जिनके निशाने पर सीनियर सिटीजन होते हैं। जिसके बाद एफबीआई ने दो पीड़ित की शिकायत स्पेशल सेल को फारवर्ड की। इस शिकायत के आधार पर स्पेशल सेल ने जांच शुरू की। कैनेडियन इंफोर्समेंट एजेंसी ने टोरंटो से जयंत भाटिया और FBI ने न्यू जेर्सी से कुलविंदर सिंह को एक ही दिन में गिरफ्तार किया।
दिल्ली पुलिस और बाकी एजेंसियों ने जानकारी साझा कर इस तरह से ऑपरेशन को अंजाम दिया, ताकि इस पूरे गैंग का एक साथ पर्दाफाश किया जा सके। पूछताछ के दौरान पता चला कि जतिन लंबा अपने भाई गगन के साथ मिलकर पीसी सपोर्ट और केअर के नाम से एक कंपनी चलाता था। ये लोग विदेश में बैठे सीनियर सिटीजन को अपना निशाना बनाते थे। पुलिस के मुताबिक 2010 से 2020 के बीच मे गैंग ने करीब 20 हजार लोगों से 80 करोड़ रुपए की ठगी की है। इस मामले में अब तक तीनो देशों की एजेंसियों ने मिलकर 6 लोगो को गिरफ्तार किया है।