मैदानगढ़ी (राकेश सोनी): कार पर स्टंट करके सोशल मीडिया पर वीडियो डालना इस यूट्यूबर युवक को महंगा पड़ गया। दिल्ली के मैदानगढ़ी थाने की पुलिस ने यूट्यूबर युवक को गिरफ्तार कर लिया है। युवक सोशल मीडिया पर दिल्ली की सड़कों पर खतरनाक ढंग से कार से स्टंट करने की वीडियो बनाकर डालता था। पुलिस ने उसके पास मिली एक बीएमडब्ल्यू और स्टंट के लिए इस्तेमाल की जाने वाली स्वीफ्ट कार को बरामद किया है।
हैरानी की बात यह है कि यह सारी स्टंट बाजी देश की राजधानी दिल्ली की सड़कों पर होती थी। दिल्ली में रात के बाद यह यूट्यूबर अलग-अलग गाड़ियों को अवैध तरीके से अपग्रेड करके दिल्ली की सड़कों पर निकलता था और उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालता था। लेकिन इस यूट्यूबर की हालत तब बिगड़ी जब छतरपुर एनक्लेव इलाके में दिल्ली पुलिस की टीम ने इसे रोका।
मैदानगढ़ी थाने की पेट्रोलिंग टीम छतरपुर इलाके में घूम रही थी तभी उसे 2 कार सस्पिशियस कंडीशन में दिखी। उसके बाद थाने की टीम ने जब पूछताछ की तो गाड़ी की और युवक की सच्चाई खुलकर सामने आई। इस पूरे मामले में पुलिस की नाकामी कई जगह देखने को मिल रही है। एक तरफ कई महीने से यह यूट्यूबर दिल्ली की सड़कों पर स्टंट करके वीडियो डाल रहा था, लेकिन पुलिस को इसे पकड़ने में काफी समय लग गया।