दिल्ली (कमल कुमार कंसल): शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता और पंजाब के पूर्व मंत्री रंजीत सिंह ब्रह्मपुरा के निधन पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा कि उनका जाना मेरे लिए निजी क्षति है, मैंने उनके साथ काफी काम किया। वह मेरे लिए एक परिवारिक सदस्य थे। उन्होंने कहा कि मैं भगवान के आगे अरदास करूंगा कि उनकी आत्मा को शांति दे और परिवार को शक्ति दें। भारत और चीन के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी के नेता तरुण चुघ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सरकार सशक्त भारत की सरकार है। हम अपनी 1 इंच जमीन भी किसी को नहीं देंगे। मैं अपने फौज के भाइयों को सलाम करता हूं कि उन्होंने जिस बहादुरी पराक्रम और शौर्य का परिचय दिया है, लेकिन अभी भी कुछ लोग इस पर राजनीति कर रहे हैं। सबसे अहम सवाल कि वह लोग बताएं जो छुप-छुपकर ऐसा खेल चीन के साथ खेल रहे हैं उनसे पैसे ले रहे हैं वह जवाब दें।
चंडीगढ़ एसएसपी के मुद्दे पर तरुण ने कहा कि राजनीति केवल उनके लिए नहीं होनी चाहिए इस मुद्दे को राज्य बनाम राज्य ना बनाया जाए। प्रशासनिक चीजों को प्रशासनिक तौर पर रखना चाहिए, लेकिन आम आदमी पार्टी की सरकार बताएं कि उन्होंने अभी तक क्या किया। कानून व्यवस्था पर बोलते हुए चुघ ने कहा कि पंजाब में हालात बहुत खराब हैं जब से सरकार बनी है तब से ही कानून व्यवस्था बुरे हालातों में हैं। मैं भगवंत मान सरकार से मांग करता हूं कि एक वाइट पेपर जारी किया जाए और जब से यह सरकार बनी तब से लोगों के कत्ल हो रहे हैं, लूट मची हुई है। आखिर पंजाब जैसे राज्य में यह सब क्या हो रहा है जिसकी अमन शांति को इतनी मुश्किल से कायम किया गया हो। हम उसकी अमन शांति को ऐसे नहीं जाने देंगे, पंजाब सरकार को जागना चाहिए।