दिल्ली (राकेश सोनी): दक्षिणी दिल्ली जिला के साइबर थाने की पुलिस ने साइबर ठगों के एक ऐसे गैंग का खुलासा किया है, जो फेसबुक पर भारतीय महिलाओं से फ्रेंडशिप कर उन्हें महंगे गिफ्ट और सामानों को भेजने का झांसा देकर कस्टम क्लियरेंस और अन्य चार्जों के नाम पर उनसे ठगी की वारदातों को अंजाम देते थे। इस मामले में पुलिस ने 2 अफ्रीकी मास्टरमाईंड सहित कुल 4 ठगों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान, दार्जीलिंग, वेस्ट बंगाल के सचिन राय, जिगमी लामा, नाइजीरिया के स्मिथ हेनरी उर्फ गेब्रियल उदोम एतुक और विजडम ओकाफोर के रूप में हुई है। ये दिल्ली के वसंत कुंज स्थित कृष्णा नगर और बुराड़ी के संत नगर इलाके में रहते थे। इनके पास से 1 लेपटॉप, 14 मोबाइल, सिम कार्ड, चेकबुक-पासबुक और एटीएम कार्ड बरामद किया गया है।
गिफ्ट पैकिंग का वीडियो दिखा कर लिया भरोसे में : डीसीपी चंदन चौधरी के अनुसार, दक्षिणी जिले के साइबर पुलिस को दी गयी शिकायत में एक महिला शिकायतकर्ता ने बताया की कथित रूप से विदेश से भेजे गए महंगे सामानों के क्लियरेंस और ड्यूटी चार्ज के नाम पर उनसे साढ़े 27 लाख रुपये की ठगी की गई है। उन्होंने बताया कि फेसबुक पर एक अंजान शख्स ने उन्हें फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी थी। जिसके बाद, चैटिंग के लिए उसने अपना इंटरनेशनल वाट्सएप नम्बर उनसे शेयर किया। जिसके बाद वो फेसबुक और वाट्सएप के माध्यम से उससे चैटिंग करने लगी। धीरे-धीरे उसने उसे विश्वास में ले लिया। कुछ दिनों के बाद उसने, उन्हें एप्पल आईफोन, गोल्ड प्लेटेड रिस्ट वॉच आदि गिफ्ट देने का झांसा दिया और फिर पैकेजिंग और रिसीप्ट का वीडियो भेज कर उन्हें अपने विश्वास में ले लिया।
सोशल मीडिया पर दोस्ती कर बनाते थे शिकार : आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर, फर्जी प्रोफाइल बनाते थे, और इसके बाद फेसबुक जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भारतीय महिलाओं से संपर्क कर उनसे दोस्ती करते थे। जब वो उनके झांसे में आ जाती थी तो वो उन्हें विदेश से गिफ्ट भेजने का लालच दे कर कस्टम क्लियरेंस और एनओसी चार्ज के नाम पर ठगी को अंजाम देते थे। इसके लिए वो भारतीय बैंक एकाउन्ट का इस्तेमाल करते थे, जिसे इसके सहयोगी इसके लिए अरेंज करते थे। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, और आगे की जांच में जुट कर ये पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन्होंने अब तक कितने लोगों के साथ ठगी की वारदात को अंजाम दिया है, और इनके गैंग में कौन-कौन शामिल हैं।