दिल्ली (एकता): दिल्ली के निहाल विहार इलाके में उस समय दिल्ली विश्वविद्यालय के एक छात्र को बदमाशों का विरोध करना मंहगा पड़ गया जब वह बाइक को लूट रहे थे। मीडिया सूत्रों के अनुसार बदमाशों ने छात्र पर चाकू से हमला कर दिया। घायल छात्र की पहचान विक्की कुमार (19) के रूप में हुई है।
बता दें कि छात्र दिल्ली विश्वविद्यालय से दूरस्थ शिक्षा से स्नातक की पढ़ाई कर रहा है। पढ़ाई के साथ-साथ वह वेटर का काम भी करता है। जब वह अपने दोस्त के साथ बाइक पर काम से घर जा रहा था उनकी बाइक के आगे बदमाशों ने अपनी बाइक लगा ली। बदमाशों ने उनसे नकदी और मोबाइल लूट लिए। लेकिन जब बाइक लूटनी चाही तो वह विरोध करने लगे इसी दौरानु उन्होंने चाकू निकाल लिया।
हमला करने के दौरान ही एक ई-रिक्शा चालक वहां पहुंच गया, जिसे देखते ही सभी फरार हो गए। जब घायल छात्र को वह घर छोड़ने गया तो परिजन उसकी हालत देखकर उसे अस्पताल में ले गए और घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने लूटपाट का मामला दर्ज कर लिया। बदमाशों की पहचान की जा रही है।