दिल्ली (एकता): दिल्ली में भारत द्वारा औपचारिक रूप से G20 की अध्यक्षता संभालने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में एक सर्वदलीय बैठक आयोजित हुई। इस बैठक में देश के तमाम राजनीतिक दल के नेता शामिल हुए।

मीडिया सूत्रों के अनुसार भारत ने हाल ही में दुनिया की 20 प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के संगठन जी-20 की अध्यक्षता संभाली है। सितंबर 2023 में भारत में जी-20 का शिखर सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस दौरान नरेंद्र मोदी ने चाय की चुस्की के साथ-साथ हर राजनीतिक दलों के प्रमुख नेताओं से मुलाकात की।

इनमें कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खरगे से लेकर आम आदमी पार्टी के अरविंद केजरीवाल तक शामिल रहे। बातचीत के दौरान मोदी नेताओं के साथ हंसते नजर आए। गुजरात चुनाव में भाजपा के लिए चुनौती पेश करने वाले आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने हाथ जोड़कर मोदी को शुभकामनाएं दी। उनके साथ पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी मौजूद रहीं।

प्रधानमंत्री मोदी जी20 बैठक से इतर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के साथ बातचीत करते भी दिखे। इस बैठक में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी नजर आए।
