दिल्ली (एकता): श्रद्धा हत्याकांड में आरोपी आफताब को तिहाड़ से बाहर निकाला गया है। बता दें कि आज यानि सोमवार को आफताब की तबीयत सही रही तो पॉलीग्राफी टेस्ट पूरा कर लिया जाएगा। पुलिस आरोपी आफताब को रोहिणी स्थित एफएसएल डायरेक्टर के पास पहुंची है। मीडिया सूत्रों के अनुसार आज आरोपी से करीब 30 सवालों को फिर से दोहराया जाएगा।
जेल पहुंचने के बाद मंद-मंद मुस्कुराता रहा आफताब
आरोपी आफताब जेल में भी मंद-मंद मुस्कुराता रहा। खाना खाने के बाद रात भर आराम से सोया और चेहरे पर घटना को लेकर कोई शिकन नहीं। आफताब को 13 दिन की न्यायिक हिरासत में शनिवार को तिहाड़ जेल भेजा गया था। उसे अन्य कैदियों से अलग जेल नंबर चार के बैरक 15 में रखा गया है। जेल प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। वहीं कोर्ट ने आरोपी के टेस्ट व नार्को कराने के लिए 28, 29 नवंबर और 5 दिसंबर तारीखें दी हैं। दरअसल आफताब के पॉलीग्राफी टेस्ट का प्री-सत्र ठीक से हो गया था। दूसरे मुख्य-सत्र के दौरान उसे खांसी व बुखार हो गया था। इस कारण मशीन उसके जवाबों को ठीक से रिकार्ड नहीं कर पाई थी।