नई दिल्ली (एकता): पांच लाख रुपए के इनामी मोस्ट वांटेड बब्बर खालसा के वांछित आतंकवादी को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने दिल्ली हवाईअड्डे से गिरफ्तार किया है। मीडिया सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार आतंकवादी का नाम कुलविंदरजीत सिंह उर्फ “खानपुरिया” है। इसका बब्बर खालसा इंटरनेशनल और खालिस्तान लिबरेशन फोर्स जैसे आतंकवादी संगठनों से काफी तालमेल है। खानपुरिया पर पंजाब में हत्या के कई मामलों को अंजाम देने की साजिश रचने का आरोप है। बता दें कि आतंकवादी 2019 से फरार चल रहा था। जिसके चलके एनआईए ने उसके बारे में जानकारी देने वालों को 5 लाख रुपए की घोषणा की थी।
जानिए किन मामलों में था शामिल
मामला शुरू में 30 मई, 2019 को पुलिस स्टेशन स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल, अमृतसर में दर्ज किया गया था और 27 जून, 2019 को एनआईए द्वारा फिर से दर्ज किया गया था। वह पंजाब में हत्याओं को अंजाम देने की साजिश सहित कई आतंकवादी मामलों में शामिल था। जांच से पता चला है कि डेरा सच्चा सौदा से जुड़े प्रतिष्ठानों और पंजाब में पुलिस और सुरक्षा से जुड़े लोगों को निशाना बनाकर भारत में आतंकवादी हमलों को अंजाम देने की साजिश में शामिल था।