दिल्ली (अनिल कुमार): राजधानी दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके में सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक रिटायर्ड फौजी के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने से परिवार में दहशत का माहौल बना हुआ है। साथ ही रिटायर्ड फौजी के अपहरण की इस गुत्थी में पीएफआई की भूमिका सामने आ रही है, जिससे पूरे पुलिस महकमे में भी खलबली मची हुई है। फौजी को लापता हुए 24 घंटे से ज्यादा का समय बीत चुका है लेकिन अभी तक परिवार वालों का कोई संपर्क नहीं हो पाया है।
बता दें कि परिजनों द्वारा मिली जानकारी के अनुसार बाहरी दिल्ली के सुल्तानपुरी में रहने वाले राजेंद्र प्रसाद करीब 25 साल पहले फौज से रिटायर्ड हुए थे। रिटायर्ड होने के बाद वह दिल्ली के निठारी स्थित एक स्कूल में काम कर रहे थे। सोमवार को स्कूल से छुट्टी होने के बाद जब वह अपने घर नहीं पहुंचे तो परिवार को उनकी चिंता सताने लगी और उन्होंने कई जगह ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन कोशिश करने के बाद भी संपर्क नहीं हुआ।
इस बीच अचानक इस मामले में पीएफआई ने भी एंट्री ले ली। परिजनों के मुताबिक उनके फोन पर जवाब में उन्हीं के नंबर से वॉट्सऐप पर ‘सर तन से जुदा’ का मेसेज और ‘पीएफआई’ के झंडे की फोटो भेजी गई। इस मैसेज के बाद से ही परिवार में हड़कंप का माहौल बन गया है।