दिल्ली (अनिल कुमार): दिल्ली के बुध विहार में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में इलाज के दौरान अस्पताल में मौत के बाद पीड़िता के परिजनों ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है। महिला को 22 अक्तूबर को रोहिणी स्थित अंबेडकर अस्पताल में दाखिल कराया था, जिसके बाद रात महिला को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। महिला के परिजनों के अनुसार फरवरी 2020 में कीर्ति की शादी बुध विहार के रहने वाले प्रदीप नाम के युवक से हुई थी।
आरोप है कि कीर्ति को शादी के बाद से दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। जिसको लेकर पहले भी कई बार वो अपने घरवालों को इस बारे में बता चुकी थी, लेकिन लोकलाज के डर से खामोश रहकर ससुराल पक्ष का दंश झेलती रही। 22 अक्टूबर को प्रदीप के द्वारा फोन पर कीर्ति के परिजनों को उसके चोट लगने की सूचना दी गई। परिजनों ने अंबेडकर अस्पताल पहुंचकर देखा तो कीर्ति वेंटीलेटर पर खामोश पड़ी थी।
डॉक्टर लगातार बचाने की कोशिश में लगे थे लेकिन नाकामयाब रहे। वहीं कीर्ति के परिजन पुलिस और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने के लिए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं बुध विहार थाना पुलिस ने कीर्ति की मौत के तुरंत बाद दहेज हत्या का मामला दर्जकर आरोपी पति प्रदीप को गिरफ्तार कर लिया है।