Jaspal Bhatti Death Anniversary: आज भी कॉमेडी के सरदार हैं जसपाल भट्टी, फ्लॉप शो से बनाई थी पहचान

admin

दिल्ली (एकता): कहते हैं इंसान के जाने के बाद उसकी याद ही दुनिया में रह जाती है। देश में अपनी कॉमेडी से सभी दिलों पर राज करने वाले मशहूर कॉमेडियन स्वर्गीय जसपाल भट्टी की आज यानि 25 अक्टूबर को पुण्यतिथि है। इस अवसर पर जिस खुशदिली से जसपाल ने अपनी जिदंगी को जिया, उसी खुशदिली से ही उन्हें याद किया जाएगा। सीरियल के अलावा उन्होंने फिल्मों में भी अपनी पहचान बनाई थी। आइए जानिए उनके जीवन परिचय के बारे में।

फिल्मों के जरिए दर्शकों पर छोड़ी अपनी छाप

भट्टी साहब अपने अनोखे अंदाज से सिस्टम और राजनीति पर हंसी-मजाक में ही एक बहुत बड़ा संदेश दे जाते थे। उनका अंदाज एकदम निराला था। जसपाल भट्टी ने सीरियल्स में अपने अभिनय से तो दर्शकों पर अपनी छाप छोड़ी ही, लेकिन फिल्मों के जरिए भी उन्होंने खूब हंसाया भी। 1991 में जसपाल भट्टी ने अपने निर्देशन में ‘माहौल ठीक है’ फिल्म का निर्देशन किया। इसके बाद ‘फना’ में उन्होंने गार्ड जोली सिंह का किरदार निभाया। ‘कॉमेडी के किंग’ ने ‘कोई मेरे दिल से पूछे’, ‘मौसम’, ‘जानी दुश्मन’, ‘कुछ ना कहो’, ‘जानम समझा करो’, ‘आ अब लौट चलें’ जैसी फिल्मों में भी काम किया और खूब सुर्खियां बटौरी।

3 मार्च, 1955 को राजपूत सिख परिवार में हुआ जन्म

जसपाल भट्टी का जन्म 3 मार्च, 1955 को अमृतसर के एक राजपूत सिख परिवार में हुआ था। भट्टी साहब ने चंडीगढ़ स्थित पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेजसे इलेक्ट्रिकल इंजीनियर में ग्रेजुएशन की थी। उनके परिवार में पत्नी सविता भट्टी, बेटा जसराज और बेटी रतिया हैं।

इस शो ने दिलाई थी पहचान

80 के दशक के अंत में जसपाल भट्टी ने दूरदर्शन के ‘उल्टा-पुल्टा’ कार्यक्रम के जरिए लोगों के दिलों में अपनी अलग जगह बनाई। उनका सबसे लोकप्रिय शो था, ‘फ्लोप शो’, जो काफी हिट रहा। इस शो ने उन्हें घर-घर में एक नई पहचान दिलाई।

25 अक्टूबर को कार दुर्घटना में हुई थी मौत

25 अक्टूबर, 2012 को जालंधर के शाहकोट के पास एक कार दुर्घटना में जसपाल भट्टी साहब की मौत हुई थी। कार उनके बेटे जसराज भट्टी चला रहे थे। जसपाल भट्टी की मृत्यु उनके बेटे जसराज की फिल्म ‘पॉवर कट’ की रिलीज से ठीक एक दिन पहले हुई थी। 2013 में उन्हें भारत के तीसरे सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार ‘पद्म भूषण’ (मरणोपरांत) से सम्मानित किया गया था।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *