दिल्ली (कमल कुमार कंसल): दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने कनाडा के गैंगस्टर अर्शदीप गैंग के 2 शार्प शूटर को गिरफ्तार किया है। आरोपी 1 करोड़ की रंगदारी और फायरिंग के मामले में वांछित थे। सेल के डीसीपी राजीव रंजन के मुताबिक दोनों आरोपियों की पहचान गुरदासपुर पंजाब निवासी रविंदर सिंह उर्फ अब्बी और नवदीप सिंह के रूप में हुई है।
सेल की टीम को दोनों आरोपियों के दिल्ली आने की सूचना मिली थी, जिसके बाद सेल के डीसीपी राजीव रंजन के निर्देश पर एसीपी संजय दत्त के नेतृत्व में सेल की टीम ने हल्की मुठभेड़ के बाद दोनों को दिल्ली के मुकरबा चोक फ्लाईओवर के पास से हाथापाई के बाद गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के कब्जे से 2 पिस्टल और 9 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
आरोपियों ने पूछताछ में खुलासा किया कि फिरोजपुर जेल में बंद तरनजोत ने अर्शदीप का निर्देश मिलने पर दिल्ली में किसी वारदात को अंजाम देने के मकसद से भेजा था। फिलहाल स्पेशल सेल ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट और सरकारी काम में बाधा डालने का मामला दर्ज किया है।