दिल्ली (अनिल कुमार): अब महिलाओं का गैंग भी दिल्ली में काफी सक्रिय है। पुरुषों के साथ-साथ अब महिलाएं भी चोरी की घटनाओं को अंजाम देने लगी है। दिल्ली के खेड़ा खुर्द गांव में सोमवार को एक चोरी की घटना सामने आई है। जहां पंजाब नेशनल बैंक की ब्रांच से ग्राहक के बैग से 50 हजार की चोरी की गई। यह घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई। ग्राहक के बैग को नीचे ब्लेड से काट कर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया।

बता दें कि एक शख्स अपने घर की महिला के साथ खाते में FD करवाने के लिए एक लाख रुपए लेकर गया। रुपए का थैला उस शख्स के पास ही था और महिला पैन कार्ड की फोटोकॉपी कराने के लिए बाहर चली गई। महिला जब फोटो कॉपी करवा कर वापस आई और जैसे ही थैले को देखा गया तो थैला नीचे से कटा हुआ था और उसमें से ₹50,000 की गड्डी गायब थी। बैंक के कर्मचारियों ने जब सीसीटीवी फुटेज चेक किया तो उस शख्स के पास एक महिला बैठी थी जिसने इस घटना को अंजाम दिया। अंजाम देने के बाद वह महिला वहां से गायब हो गई और उसकी अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। इस बाबत पुलिस को शिकायत दी गई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज निकाल कर छानबीन करनी शुरू कर दी है।
