दिल्ली (अनिल कुमार) : दिल्ली में इंसानियत को झकझोर कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां नरेला क्षेत्र के अंतर्गत शुक्रवार को एक 8 साल की मासूम बच्ची लापता हो गई थी जिसका शव शनिवार मिला। बता दें कि परिजनों ने बच्ची के साथ रेप होने की आशंका जताई है। परिजनों का आरोप है कि बच्ची जिस हालात में मिली हैं उस आधार पर बच्ची के साथ रेप भी हुआ है। उसकी रेप के बाद हत्या की गई है। अब यह मामला उलझता हुआ दिखाई दे रहा ह। हालांकि पुलिस ने जांच के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही साफ हो पाएगा कि रेप के बाद हत्या की गई है या अकेली हत्या को अंजाम दिया गया है। फिलहाल नरेला थाना पुलिस जांच में जुटी है।
जानिए क्या था मामला
बता दें कि जब बच्ची गायब हुई तो पुलिस ने आसपास के सभी सीसीटीवी कैमरे खंगाले और साथ ही उनको किसी युवक के बारे में पता चला कि वो किसी बच्ची को ले जा रहा था। पुलिस ने तुरंत उस युवक को दबोचा और उसके द्वारा बताए गए आधार पर एक पार्क के अंदर से बच्ची का शव बरामद हुआ। पुलिस ने गुमशुदगी के मामले में हत्या की धाराओं को भी जोड़ कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उससे पूछताछ कर रही है। आरोपी ने अभी तक पूछताछ में बताया है कि उसके भाई का उस पीड़ित परिवार के साथ कोई झगड़ा था उसी को लेकर हत्या को अंजाम दिया है। पुलिस ने बताया कि प्राथमिक तौर पर जो आरोपी से पूछताछ हुई है उस आधार पर रेप की आशंका नहीं है लेकिन परिजनों का आरोप है कि बच्ची के शरीर पर जो निशान मिले हैं उस आधार पर बच्ची के साथ रेप भी हुआ है।