दिल्ली (एकता): जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं वैसे-वैसे ही पुरानी पेंशन योजना पर राजनीति गर्माती ही जा रही है। आइए हम आपको बताते हैं कि नई पेंशन और पुरानी पेंशन योजना में क्या फर्क है। बता दें कि भारत के कई राज्यों में कर्मचारी काफी समय से पुरानी पेंशन योजना (OPS) को बहाल करने और नई पेंशन योजना को बंद करने की मांग कर रहे हैं। इसे बहाल करने के लिए अब तो लोग सड़कों पर ही उतर आए हैं।
नई और पुरानी पेंशन योजना में जानिए क्या है फर्क
बता दें कि नई पेंशन योजना के तहत कर्मचारी के मूल वेतन से 10 प्रतिशत राशि काटी जाती है और उसमें सरकार 14 फीसदी अपना हिस्सा डालती है। पुरानी पेंशन योजना में कर्मचारियों की सैलरी से किसी तरह की कटौती नहीं होती। पुरानी पेंशन बहाली और एनपीएस खत्म करने को लेकर केंद्रीय कर्मचारी संगठनों का आंदोलन तेज हो रहा है।
केजरीवाल ने पुरानी पेंशन योजना को लागू करने का किया वायदा
विधानसभा चुनाव भी नजदीक आ रहे हैं। गुजरात में आम आदमी पार्टी चुनाव प्रचार में लगी हुई हैं। वहीं अरविंद केजरीवाल ने गुजरात की जनता से पुरानी पेंशन योजना को लागू करने का वादा किया है।
जानिए पुरानी पेंशन योजना के लाभ
पुरानी पेंशन योजना के बहुत से फायदे हैं। जिन कर्मियों की न्यूनतम 10 साल की क्वालिफाइंग सर्विस होती है उन्हें अंतिम आहरित वेतन का 50 प्रतिशत मासिक पेंशन के रूप में दिया जाता है। कम्युटेशन के पश्चात शेष पेंशन और पूर्ण पेंशन पर महंगाई भत्ते का, 15 साल तक भुगतान किया जाता है। अगर 15 साल से पहले पेंशनभोगी की मौत हो जाती है तो शेष परिवर्तित पेंशन के पुनर्भुगतान की कोई आवश्यकता नहीं होती। इतना ही नहीं 80 साल की उम्र के बाद भी पेंशनधारक को 20 फीसदी बढ़ोतरी का लाभ मिलता है।
एनपीएस योजना में जानिए क्या है कमी?
एनपीएस योजना में वास्तविक वेतन और महंगाई भत्ते का 10 फीसदी का योगदान देना होता है। सरकार भी अपनी ग्रांट के रूप में समान धनराशि का योगदान करती है। 15 फीसदी के बराबर की धनराशि को शेयर मार्केट में तथा 85 फीसदी के बराबर की धनराशि को सरकारी एवं निजी बांड में निवेश करते हैं। हालांकि एनपीएस योजना में निवेश के ऊपर रिटर्न की कोई गारंटी नहीं होती। इसमें मूल धनराशि में भी नुकसान उठाना पड़ता है।
राहुल गांधी ने हिमाचल और गुजरात से किया पुरानी पेंशन बहाली का वादा
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुजरात और हिमाचल की जनता से भी पुरानी पेंशन बहाली का वादा किया गया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर इस सिलसिले में एक पोस्ट भी साझा की।