दिल्ली (अनिल कुमार): उत्तर भारत में लोगों के दिलों में खौफ पैदा कर अपना वर्चस्व कायम करने वाला गैंगस्टर नीरज बवाना भले ही आज सलाखों के पीछे है, लेकिन नीरज बवाना के नाम से कई लोग आज भी फिरौती की मांग कर रहे हैं। दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे ही मामले का खुलासा कर दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जो नीरज बवाना के नाम से एक व्यापारी से एक करोड़ रुपए की फिरौती की मांग कर रहे थे। पश्चिम विहार ईस्ट थाना इलाके में ये दोनों सचिन नागपाल नाम के व्यक्ति से नीरज बवाना के नाम पर रंगदारी की मांग कर रहे थे।
दिल्ली पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पश्चिम विहार ईस्ट और एएटीएस की संयुक्त टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने जांच के दौरान पाया कि शिकायतकर्ता को 2 घरेलू नंबरों से भी धमकी भरे कॉल किए गए थे। पुलिस टीम ने संबंधित एजेंसी द्वारा डाटा एकत्रित कर जांच शुरू की तो पाया कि एक फोन धारूहेड़ा इलाके से छीना गया था। एक आरोपी का खुद का फोन था जिसमें एक एप्लीकेशन डाउनलोड करके पीड़ित को रंगदारी के लिए कॉल की गई थी। पुलिस टीम को टेक्निकल सर्विसलांस और खुफिया नेटवर्क के आधार पर एक आरोपी पंकज के बारे में पता चला, जिसके तुरंत बाद पुलिस टीम को आरोपी के ठिकाने पर रवाना किया गया। पुलिस टीम ने 2 दिन तक इलाके में रेकी करने के बाद आखिरकार पंकज और शशि को हरियाणा के कलानौर से गिरफ्तार कर लिया।