दिल्ली (ब्यूरो): मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बॉलीवुड अभिनेत्री व डांसर नोरा फतेही की मुश्किलें कम होने का नाम ही नहीं ले रही। दरअसल मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जेल में बंद सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े मामले को लेकर अभिनेत्री से शुक्रवार को कई घंटों तक पूछताछ की गई। दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने 2 सितंबर को बॉलीवुड अभिनेता नोरा फतेही को जेल में बंद अपराधी सुकेश चंद्रशेखर के 200 करोड़ के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में तलब किया था।
चंद्रशेखर को प्रवर्तन निदेशालय ने 2017 से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया था। ‘कॉनमैन’ सुकेश चंद्रशेखर और उनकी पत्नी लीना मारिया पॉल को तिहाड़ जेल से शहर की मंडोली जेल में स्थानांतरित कर दिया गया है। इससे पहले दिल्ली की एक अदालत ने बॉलीवुड अदाकारा जैकलीन फर्नांडीज को 31 अगस्त को समन जारी किया था।
ईडी ने कई महिला बॉलीवुड अभिनेताओं और मॉडलों से चंद्रशेखर से कथित संबंधों को लेकर पूछताछ की है। दिल्ली पुलिस ने इस केस में लीना को भी आरोपी बनाया है। इन सबके चलते दिल्ली पुलिस ने अब एक्ट्रेस नोरा फतेही से पूछताछ की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस दौरान उनसे करीब 50 सवाल पूछे गए।